रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल के पास तुलबाग शबनबास में वीरवार दोपहर बाद एक बजे एक कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जम्मू से श्रीनगर जा रही एक नई ऑल्टो कार बनिहाल के तुलबाग शाबनबास इलाके में अनियंत्रित होकर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। मृतक चालक की पहचान आमिर जरगर पुत्र अब्दुल्ला जरगर निवासी गुलाब बाग, श्रीनगर और घायल की फैसल मेहराज पुत्र मेहराज दीन खान निवासी रैनाबाड़ी श्रीनगर के रूप में हुई है। फैसल को इलाज के लिए उप जिला अस्पताल बनिहाल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस बनिहाल थाना में मामला दर्ज किया है।