कश्मीर में 24 घंटे में चार आतंकियों का सफाया हुआ है। शनिवार को कुलगाम में एक आतंकी मारा गया था। जबकि श्रीनगर में आज तीन आतंकी मारे गए हैं। इसको लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी (कश्मीर जोन) विजय कुमार ने कहा कि अबतक इस साल 106 आतंकी मारे गए हैं। हमारा मकसद जम्मू-कश्मीर में शांति बहाली है। इसके लिए सुरक्षाबल लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं और चलाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कुलगाम में कल एक आतंकी मारा गया था। दो आतंकी हथियार छोड़कर भाग गए थे। उसमें से एक पाकिस्तानी आतंकी है। जोकि आईईडी एक्सपर्ट है। आईजी ने कहा कि आज हमें सूचना मिली थी कि श्रीनगर में कुछ आतंकी एक घर में छिपे हुए हैं।
इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी की। साथ ही इलाके के संभ्रांत लोगों को बुलाकर आतंकियों से समर्पण करने की अपील भी करवाई गई। इसके बाद भी जब आतंकी नहीं माने तो हमारे जवानों ने कार्रवाई शुरू की और तीन आतंकियों को मार गिराया।
इनमें से दो आतंकियों की पहचान हो गई है। एक आतंकी की शिनाख्त की जा रही है। आईजी ने कहा कि इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। साथ ही इलाके के लोगों को भी किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है। जिसके लिए मैं जवानों को बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन के थे। इनमें से एक आतंकी शकूर है जिसने रमजान के दौरान बीएसएफ के जवानों पर फायरिंग की थी। जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे।
कहा कि सभी ऑपरेशन में स्थानीय लोगों का सहयोग मिल रहा है। इसी के वजह से आतंकी संगठनों के बड़े आतंकियों को मार गिराने में हमें सफलता मिली है। बताया कि जैसे ही हमें आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलती है, हम आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाते हैं।