जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सोमवार आठ नवंबर से जम्मू स्थित राजभवन के साथ-साथ नागरिक सचिवालय से कामकाज शुरू करेंगे। परिवार के साथ दिवाली मनाकर उपराज्यपाल शनिवार को जम्मू पहुंच जाएंगे। राजभवन का स्टाफ और अफसर पहले ही जम्मू पहुंच चुके हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नागरिक सचिवालय व राजभवन की साज-सज्जा का काम पूरा कर लिया गया है। जो अधिकारी श्रीनगर से जम्मू शिफ्ट किए गए हैं, उनके लिए आवासीय क्वार्टरों की साज-सज्जा का काम भी अंतिम चरण में है।
सचिवालय के कर्मचारियों के मामले में इस बार दरबार मूव नहीं है, लेकिन प्रशासनिक सचिव जरूरत के हिसाब से जम्मू व श्रीनगर नागरिक सचिवालय मूव करते रहेंगे। जम्मू नागरिक सचिवालय में कामकाज सुचारु रूप से चले इसके लिए पांच सौ से ज्यादा कर्मचारियों को जम्मू नागरिक सचिवालय में विभिन्न विभागों से शिफ्ट किया गया है। बता दें कि सचिवालय के सभी कर्मचारियों के मामले में दरबार मूव की परंपरा बंद होने से प्रदेश सरकार को सालाना करीब 200 करोड़ की बचत होगी।