जम्मू। ऋषि सुनक ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री पद के लिए मंगलवार 12 जुलाई को चुनाव प्रचार शुरू किया था। इसके ठीक एक माह पहले जून 2022 में ऋषि के पिता यशवीर सुनक और मां उषा सुनक ने माता वैष्णो के दरबार में हाजिरी लगाकर बेटे की सफलता की कामना की थी।
ऋषि के ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने के बाद अब यशवीर और उषा सुनक की वो तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें दोनों श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग के साथ खड़े हैं। ऋषि के पिता यशवीर का जन्म केन्या में हुआ था। वे वर्तमान में साउथैंप्टन में जनरल प्रैक्टीनर हैं, जबकि ऋषि की मां उषा साउथैंप्टन में ही अपनी फार्मेसी चलाती हैं। एक कार्यक्रम में ऋषि ने कहा था - मेरी परवरिश ऐसे परिवार में हुई है, जिसने सिखाया कि परिवार ऐसा बंधन है, जिसे दोहराने की कोई सरकार कल्पना भी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा था, छोटे कारोबार और छोटी कंपनियां भी बहुत शक्तिशाली होते हैं। कई लोगों को रोजगार और अवसर प्रदान करते हैं।