जम्मू-कश्मीर के फिल्म क्षेत्र के इतिहास में पहली बार प्रदेश के एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने कांस (फ्रांस) में हो रहे विश्व प्रसिद्ध कान्स फिल्म महोत्सव के 77वें संस्करण में शिरकत की है। इसमें वैश्विक दर्शकों के लिए जम्मू कश्मीर क्षेत्र की जीवंत सिनेमा संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रसिद्ध कांस फिल्म मार्केट (मार्चे डू फिल्म) के भारत मंडप में जम्मू कश्मीर बूथ का उद्घाटन फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ और भारत सरकार के सूचना व प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने किया। रेहाना बतुल, सचिव सूचना जम्मू-कश्मीर और जतिन किशोर निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क ने इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया।
इस वैश्विक मंच पर जम्मू-कश्मीर की उपस्थिति का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं का ध्यान जम्मू और कश्मीर में शूटिंग के लिए आकर्षित करना है। कांस फिल्म बाजार हाल ही में लॉन्च किया गया है, जो अत्यधिक आकर्षक और निर्माता के अनुकूल जम्मू-कश्मीर फिल्म नीति, 2024 के प्रचार के लिए एक आदर्श स्थान साबित होगा।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में फिल्म निर्माण को उद्योग का दर्जा दिया है। केंद्र शासित प्रदेश में फिल्म निर्माण को एकल खिड़की अनुमतियों और जम्मू-कश्मीर में शूटिंग करने वाले प्रोडक्शन हाउसों को 24x7 सहायता के लिए समर्पित नोडल अधिकारियों से बढ़ावा मिला है।
नई लॉंच की गई नीति क्षेत्र में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान करती है। पिछले कुछ वर्षों में जम्मू कश्मीर में फिल्म निर्माण में उल्लेखनीय पुनरुत्थान देखा गया है, यहां 300 से अधिक फिल्मों/वृत्तचित्रों की शूटिंग हुई है। यह बदलाव दशकों बाद जम्मू-कश्मीर में सिनेमा की एक महत्वपूर्ण वापसी का प्रतीक है।
कांस में जम्मू-कश्मीर पैविलियन की उपस्थिति विविध सिनेमाई पेशकशों और दर्शनीय स्थानों को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करती है जो यह क्षेत्र दुनिया को पेश करेगा। यह फिल्म निर्माताओं और उद्योग के पेशेवरों के लिए सिनेमाई प्रस्तुतियों के लिए जम्मू कश्मीर की समृद्ध क्षमता का पता लगाने का एक रोमांचक अवसर प्रस्तुत करेगा। जैसा कि कांस फिल्म फेस्टिवल अगले दो हफ्तों में शुरू होगा, जम्मू कश्मीर की उपस्थिति वैश्विक मंच पर क्षेत्रीय सिनेमा के बढ़ते महत्व के प्रमाण के रूप में खड़ी होगी। इस दौरान राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के गणमान्य व्यक्तियों के साथ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।