दिल दिया है जां भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए, हम जियेंगे और मरेंगे ऐ वतन तेरे लिए... फिल्म कर्मा का यह गाना देश के हर नागरिक के अंदर देशभक्ति का जज्बा पैदा कर जाता है। इस जज्बे को सच साबित किया है कश्मीर के बारामूला में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ मुदस्सर अहमद ने। आतंकियों से लोहा लेते मुदस्सर देश के लिए शहीद हो गए।
अपनी शहादत के ठीक 5-6 दिन पहले मुदस्सर ने उक्त गाने पर अपना एक वीडियो बनाया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के कई अधिकारियों ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया है।
मुदस्सर का हाथ में बंदूक लिए एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह पुलिस की वर्दी पहने हुए नजर आ रहे हैं। पीछे बैकग्राउंड पर गाना चल रहा है, हम जियेंगे और मरेंगे, ऐ वतन तेरे लिए, दिल दिया है जां भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए...। इस गाने पर मुदस्सर बंदूक हाथ में ऊपर उठाकर साथ-साथ गुनगुना रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी रैंक के अफसर शब्बीर खान सहित अन्य कई अधिकारियों ने अपने फेसबुक अकांउट पर इस वीडियो को अपलोड किया है। साथ ही लिखा है कि यह वीडियो मुदस्सर के शहीद होने के कुछ दिन पहले का है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई मुदस्सर के इस वीडियो पर यही कमेंट कर रहा है, कि तुम सच्चे देशभक्त हो।