जिला कठुआ के हरिया चक्क में रविवार को सुबह एक ड्रोन देखा गया, जो कि सीमा पार से आ रहा था। जम्मू कश्मीर पुलिस ने इसे मार गिराया है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि ड्रोन के साथ कुछ सामान भी बंधा है, जिसकी जांच बन निरोधक विशेषज्ञ की। जांच में पता चला है कि ड्रोन का साथ 7 मैग्नेटिक बम और 7 यूबीजीएल हथगोले बांधे गए थे।
पुलिस ने बताया कि उक्त सीमांत क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधि देखी गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह पुलिस की एक टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीमा पार की ओर से आ रहे एक ड्रोन को पुलिस ने मार गिराया है। ड्रोन के साथ कुछ सामान भी बांधा गया था, जिसकी जांच बम निरोधक दल के विशेषज्ञ ने की।
इससे पहले 14 मई को आरएस पुरा के अरनिया सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास भारतीय इलाके में पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया था। सीमा पर चौकस बीएसएफ के जवानों ने इसे देखते ही फायरिंग शुरू कर दी थी, जिससे ड्रोन पाकिस्तान लौट गया था।
वहीं, 4 मई को बीएसएफ को जिला सांबा के चक फकीरा बॉर्डर आउट पोस्ट के नजदीक एक सुरंग मिली थी। भारतीय क्षेत्र में मिली सुरंग का मुहाना अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 150 मीटर अंदर और तारबंदी से 50 मीटर के फासले पर था। जांच के दौरान सुरक्षा बल की टीम को 265 फीट लंबी ऑक्सीजन पाइप मिली थी, जिसे घुसपैठियों को ऑक्सीजन की सप्लाई के लिए लगाया गया था।
पाकिस्तान और आतंकियों ने अब सीमा पार से घुसपैठ व प्रदेश में अशांति के लिए ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा दिया है। इसे देखते हुए पुलिस और सुरक्षाबल के जवान भी मुस्तैद हैं और समय-समय पर पाक की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।