रियासी में तैयार हो रहा रेलवे पुल (प्रतीकात्मक)
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय परियोजना उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक के सबसे अहम कटड़ा-बनिहाल सेक्शन में भारतीय रेलवे की सबसे लंबी सुरंग का एक हिस्सा तैयार हो गया है। शनिवार को निर्माण कंपनी ने टनल नंबर टी-49बी का काम पूरा कर लिया। 111 किलोमीटर लंबे कटड़ा-बनिहाल सेक्शन में कुल 35 सुरंगें और 37 पुल भी बनाए जा रहे हैं। इनमें से 26 मुख्य और 11 छोटे पुल शामिल हैं, जो कश्मीर को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधा जोड़ेंगे।
सबसे लंबी रेल सुरंग के एक हिस्से को शनिवार को खड़ी तहसील के कुंदन अदित और अरपिंचला के बीच पूरा किया गया। कटड़ा-बनिहाल सेक्शन में सुरंगों का निर्माण ऑस्ट्रियन टनलिंग विधि से किया जा रहा है। रामबन जिले में सुरंग का काम पूरा होने पर रेलवे लाइन दो तरफा हो जाएगी।
निर्माण एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियाें में सुरंग खोदना बेहद चुनौतीपूर्ण है। सबसे बेहतर तकनीक और पूरी सावधानी के साथ सुरंगें बनाई जा रही हैं। बनिहाल के पास पांच दिसंबर को बनकोट क्षेत्र में एक अन्य टनल का काम पूरा किया गया था।
इसके अलावा देश के पहले केबल स्टेड रेलवे पुल के स्तंभ का काम चार जनवरी को मुकम्मल किया गया है। हर पड़ाव अपने आप में मील का पत्थर है, जिससे अगले कुछ वर्षों में ट्रेन को कटड़ा से सीधे कश्मीर पहुंचाना संभव होगा।
272 किमी लंबी है परियोजना, कई चरण शुरू
उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक की लंबाई 272 किलोमीटर है। 161 किलोमीटर ट्रैक को विभिन्न चरणों में शुरू किया जा चुका है। पहले चरण में 118 किमी लंबे काजीगुंड-बारामुला ट्रैक पर अक्तूबर 2009 में ट्रेन चलाई गई थी। बनिहाल-काजीगुंड के 18 किमी सेक्शन में जून 2013 से और 25 किमी लंबे उधमपुर-कटड़ा ट्रैक पर जुलाई 2014 से ट्रेनें चल रही हैं।