श्रीनगर। जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन सरकार की प्राथमिकता नहीं, बल्कि एक मिशन है।
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे सिविल सचिवालय में हुआ। इससमें प्रशासनिक सचिवों और सभी विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। यह शपथ सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी और पारदर्शिता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, 28 अक्तूबर से 3 नवंबर तक मनाए जा रहे जागरूकता सप्ताह के तहत जम्मू-कश्मीर को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की अडिग प्रतिबद्धता को दोहराने में गर्व महसूस करता हूं। कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन हमारी प्राथमिकता नहीं, बल्कि एक मिशन है, जो हमें साहसिक सुधार लाने, निगरानी को मजबूत करने और नागरिकों को सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने इस वर्ष के थीम राष्ट्र की समृद्धि के लिए ईमानदारी की संस्कृति पर जोर दिया। कहा कि ईमानदारी किसी भी सफल राष्ट्र की नींव है और इसका विकास, कल्याण और प्रगति पर प्रभाव नकारात्मक नहीं है।
अब्दुल्ला ने सभी प्रतिभागियों को इस सप्ताह के दौरान आयोजित पहलों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा,सभी व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी को मार्गदर्शक सिद्धांत बनाएं। हम सभी मिलकर न्याय, समानता और साझा समृद्धि के भविष्य की दिशा में काम कर सकते हैं।