श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक निर्दोष को नशे के मामले में फंसाने के केस में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 फरवरी के इस मामले में सूचना के आधार पर पुलिस को करण नगर इलाके में ओएसिस स्कूल के पास एक संदिग्ध गाड़ी खड़ी मिली थी। श्रीनगर के बख्शीपोरा नूरबाग निवासी अधिवक्ता युशा यूसुफ मीर ने शिकायत दर्ज कराई थी। पांच लोगों ने एक सोची समझी साज़िश के तहत अस्तान मोहल्ला नटीपोरा के मंज़ूर अहमद भट की गाड़ी में नशीला पदार्थ रखकर उसे फंसाने की साज़िश रची।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहन तफ्तीश के बाद उन सभी पांच आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। 26 फरवरी को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मोहम्मद शफी बदयारी, अर्शीद अहमद वानी, तौफीक अली और रौफ अहमद मीर के तौर पर हुई है। अब पांचवें आरोपी ज़हूर अहमद मीर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में करीब एक किलो चरस दो अलग-अलग जगह से बरामद की गई है।