श्रीनगर। करीब दो दशक बाद भी दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में शहरी स्थानीय निकाय का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अधूरा है। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने देरी पर निराशा व्यक्त की है।
एक अधिकारी ने बताया कि 2004 में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू किया था लेकिन यह परियोजना आज भी अधूरी है। उन्होंने कहा कि फंड की कमी के कारण 2009 में निर्माण रोक दिया गया था। अधिकारी ने कहा कि 2015 में काम फिर से शुरू हुआ और परियोजना की लागत 8.65 करोड़ रुपये से संशोधित कर 19.28 करोड़ रुपये कर दी गई। हालांकि, काम अनियमित रहा और 20 साल बीत जाने के बावजूद काम्प्लेक्स अभी भी अधूरा है।
एक स्थानीय दुकानदार बशीर अहमद ने बताया कि जब परियोजना शुरू हुई थी तो सरकार ने लोगों को काम्प्लेक्स में दुकानें बुक करने के लिए पैसे जमा करने के लिए आमंत्रित किया था। तब से दशकों बीत चुके हैं लेकिन काम्प्लेक्स अभी भी अधूरा है। उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है, जिन्होंने दो दशक पहले दुकानें बुक करने के लिए टोकन मनी जमा कराई थी। निवासियों ने इस बात पर गंभीर चिंता जताई है कि यह अधूरी इमारत नशे के आदी लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय बन गई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि कोई भी अंदर जा सकता है और चारों ओर सीरिंज, बोतलें और नशीली दवाओं से संबंधित अन्य सामग्री बिखरी हुई देखी जा सकती है। फिर भी, सरकार कार्रवाई करने में विफल रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परियोजना को पूरा करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों पर अज्ञात कारणों से देरी करने का आरोप लगाया। निवासियों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है ताकि परिसर जल्द से जल्द पूरा हो जाए और योग्य दुकानदारों को आवंटित किया जा सके।