फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर : सुंदरबनी में दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत प्रदेश में छह दहशतगर्द ढेर, दो जवान शहीद

Fri, 09 Jul 2021 12:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, सुंदरबनी(राजोरी)/अनंतनाग

सार

  • जम्मू-कश्मीर में वीरवार को तीन मुठभेड़, पुलवामा और कुलगाम में भी मारे गए दो-दो आतंकी
  • एलओसी पर सुंदरबनी सेक्टर में सेना ने नाकाम की घुसपैठ, मुठभेड़ में एक अन्य जवान घायल
विज्ञापन
Pulwama Encounter jammu kashmir - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सुंदरबनी में दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत प्रदेश में वीरवार को सुरक्षाबलों ने छह दहशतगर्द ढेर कर दिए। एलओसी से सटे राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में सेना ने घुसपैठ को नाकाम करते दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में नायब सूबेदार समेत दो जवान भी शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया। सुंदरबनी के अलावा कश्मीर के पुलवामा और कुलगाम में भी दो-दो आतंकी मारे गए हैं। 

विज्ञापन


नियंत्रण रेखा पर सुंदरबनी सेक्टर के गांव दादल में 29 जून को संदिग्ध देखे गए थे, जिनकी तलाश में पूरे इलाके को लगातार खंगाला जा रहा था। यह संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकी थे जो दादल के जंगलों में स्थित एक गुफा में छिपे बैठे थे। सेना ने क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी रखा। वीरवार सुबह तकरीबन दस बजे के करीब जब आतंकियों के इस दल ने सेना के दल को अपने पास आते देखा तो ग्रेनेड फेंककर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सेना ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए आतंकियों को मुठभेड़ में उलझा दिया। 

मुठभेड़ के दौरान दोपहर में एक आतंकी ने गुफा से निकलकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इससे सेना की 17 मद्रास रेजीमेंट के नायब सूबेदार श्रीजीत और सिपाही जसवंत रेड्डी शहीद हो गए। गोलीबारी में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर उत्तरी कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया। जवाबी कार्रवाई में सेना ने दो आतंकी ढेर कर दिए। दोनों आतंकी पाकिस्तानी हैं जिनकी पहचान की जा रही है। मारे गए आतंकियों से दो एके 47 राइफल समेत भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद हुआ है। शहीदों के पार्थिव शरीर देर शाम सुंदरबनी ब्रिगेड हेडक्वार्टर में पहुंचाए गए।  
विज्ञापन


दक्षिणी कश्मीर में रातभर चली दो मुठभेड़ों में चार दहशतगर्द ढेर
 दक्षिणी कश्मीर में रातभर चली दो मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को ढेर कर दिया। पुलवामा व कुलगाम में हुई अलग-अलग मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक और लश्कर-ए-ताइबा के तीन आतंकी मार गिराए गए। मारे गए आतंकियों से दो एके 47 राइफल, दो पिस्टल और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की गई हैं। पिछले 24 घंटे में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकियों का सफाया कर दिया है।

विज्ञापन

कामयाबी का सिलसिला

बुधवार की सुबह उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में सबसे लंबे समय से सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर मेहराजुद्दीन हलवाई उर्फ उबैद को मारने में सफलता मिली थी। कुलगाम के जोडार इलाके में आतंकियों की मूवमेंट की सूचना पर राष्ट्रीय राइफल्स, पुलिस व सीआरपीएफ ने कई स्थानों पर मोबाइल नाका लगा रखा था।

रात तीन बजे एक सफेद रंग की मारुति कार को रुकने का इशारा किया गया तो उसमें बैठे आतंकी फायरिंग कर जंगल क्षेत्र में भाग निकले। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। घेरा सख्त होते देख आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई से दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त जैश-ए-मोहम्मद के शाहबाज अहमद शाह (11 जुलाई 2020 से सक्रिय) और लश्कर-ए-ताइबा के नासिर अयूब पंडित (05 जून 2021 से सक्रिय) के रूप में हुई है। इनसे एक एके 47 राइफल, पिस्टल और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की गईं।

इससे पहले पुलवामा जिले के पुछल में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर राष्ट्रीय राइफल्स, पुलिस और सीआरपीएफ ने गांव की घेराबंदी की। रात लगभग साढ़े 12 बजे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड फेंककर भागने की कोशिश की। सतर्क जवानों ने इसे विफल करते हुए उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा।

लेकिन वे नहीं माने और सुरक्षा बलों पर फायरिंग करने के साथ ग्रेनेड दागते रहे। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इनकी शिनाख्त किफायत सोफी व इनायत अहमद डार के रूप में हुई है। दोनों पुलवामा के रहने वाले थे। इनके पास से भी एक एके 47 राइफल, पिस्टल और भारी असलहा बरामद किया गया।

चारो आतंकी कई घटनाओं में थे शामिल
मारे गए चारो आतंकी इलाके में लोगों को धमकाने और धन उगाही में लगे हुए थे। कई आतंकी वारदातों में भी इनका हाथ था। आईजी विजय कुमार ने बताया कि पुलवामा व कुलगाम में चार आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। बीते 24 घंटे में पांच आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली है। इसके लिए सुरक्षा बलों के जवान बधाई के पात्र हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें