सांबा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे सांबा जिले के गांव खोड़ा और चचवाल के नजदीक संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को बीएसएफ ने पकड़ा। जांच के दौरान वह छत्तीसगढ़ का निवासी निकला, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार वीरवार सुबह बीएसएफ की 161वीं वाहिनी के जवानों ने उक्त व्यक्ति को सीमावर्ती गांव खोड़ा के निकट घूमते हुए देखा। उसे पकड़कर बीएसएफ की चौकी पर ले जाया गया। गहन जांच और पूछताछ के बाद पता चला कि वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और एक ईंट भट्ठे पर काम करता है। शराब के नशे में वह सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंच गया था।