बिश्नाह। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बिश्नाह में शुक्रवार को भव्य झांकी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत, पूर्व विधायक अश्वनी कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। झांकी में आयोजकों की तरफ से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भक्ति संगीत और श्रीकृष्ण के भजनों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु ‘राधे-राधे’ और श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ भक्ति रस में झूमते नजर आए। श्रद्धालुओं ने देर तक भजन-कीर्तन का आनंद लिया। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं में प्रसाद भी वितरित किया गया।