मीरां साहिब। कस्बे के बाजार में सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से किए जाने पर दुकानदारों ने रोष जताया है। उन्होंने काम में तेजी लाने की मांग की है।
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन की ओर से मीरां साहिब बाजार में एक तरफा बड़े वाहनों की आवाजाही होने के बाद दिन में कई बार जाम लगने पर राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य धीमी गति से होने पर दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा, पिछले छह माह से बाजार में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और अभी तक एक तरफा ही सड़क नहीं बन पाई। मीरां साहिब कस्बे में बसें व मिनी बसें नहीं आने पर यात्रियों को एक किलोमीटर पैदल जाकर रिंग रोड के पास जाकर वाहनों में बैठना पड़ रहा है।
बाजार कमेटी ने मांग की है कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि दिक्कतों से लोगो को राहत मिल सके। इस दौरान बाजार कमेटी के चेयरमैन मनोहर लाल सराफ, राकेश कुमार, सुरजीत सिंह ने कहा कि आखिर प्रशासन क्या कर रहा है। अभी सड़क का कार्य अधर में लटका हुआ है।
उन्होंने कहा कि जिस तरफ से वाहनों की आवाजाही है, उस सड़क की हालत जर्जर होने पर जाम लग रहा है। प्रशासन से मांग की कि उस सड़क का चौड़ीकरण करने के साथ हालत में सुधार किया जाए।