सांबा। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के घगवाल व संगवाली गांव में डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए शिविर लगाया गया। इसमें लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में बताया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने घरों के आसपास खड़े पानी पर दवा का स्प्रे भी किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बताया गया कि वह अपने घरों की छतों पर खाली बर्तन में पानी को न खड़ा होने दें। स्वास्थ्य विभाग की बीएमओ डॉ. ऋचा अरोड़ा ने कहा कि जिला अस्पताल में जनवरी माह से आज तक 3900 टेस्ट किए गए हैं। इनमें डेंगू का कोई मामला सामने नही आया है। बुखार होने पर टेस्ट किया जाता है ताकि डेंगू मरीजों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा, उनका विभाग पूरी तरह से सतर्क है। हमने पहले से ही अभियान छेड़ रखा है। गत वर्ष इन दिनों डेंगू मरीजों के मामले आए थे लेकिन अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। संवाद