ज्यौड़ियां। बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ की तरफ से बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसमें क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों के नाम क्षेत्र के बलिदानियों के नाम पर रखने की मांग की गई।
इस दौरान समस्याओं के संबंध में एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का आयोजन बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह भाऊ की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ तथा इस मौके पर उपस्थित क्षेत्र के लोगों ने खौड़ प्रशासन की कार्यप्रणाली की निंदा की। कहा कि आज तक जो भी जनहित समस्याएं बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ तथा क्षेत्र के लोगों ने उठाई है उनमें से एक भी समस्या का निवारण नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों के नाम क्षेत्र के बलिदानियों के नाम पर किए जाएं। उपजिले के गांव तरोटी, मट्टू, परागंला आदि गांवों में गुज्जर परिवारों की तरफ से सरकारी भूमि पर किया कब्जा छुड़ाया जाए। ज्यौड़ियां से पलांवाला तक की मुख्य सड़क का जल्द चौड़ीकरण हो। इस मौके पर सुखदेव सिंह, दाखी राम, शमशेर लाल, तरसेम सिंह, सुखबीर सिंह तथा मंगल सिंह आदि शामिल रहे। संवाद