सांबा। जिले के बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र के बढ़ोड़ी गांव में कथित अपहरण शिकायत मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। जिस युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए परिजनों ने मामला दर्ज कराया था, वही युवती अब खुद सामने आई है और उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपहरण की बातों को सिरे से खारिज कर दिया है।
वीडियो संदेश में युवती ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म स्वीकार किया है और सुम्बली निवासी आरिफ के साथ कोर्ट मैरिज की है। युवती ने साफ तौर पर कहा कि वह अपनी इच्छा से घर से गई थी और उस पर किसी प्रकार का दबाव या जबरदस्ती नहीं की गई।
युवती ने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उसके पति अरिफ, उसके परिवार और दोस्तों को बेवजह परेशान न किया जाए। उसने इसे अपना निजी फैसला बताते हुए कहा कि इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
युवती ने अपने वीडियो बयान में कोर्ट मैरिज और सुरक्षा प्रदान करने से संबंधित न्यायालय के आदेशों के दस्तावेज भी दिखाए। इससे मामले में एक नया कानूनी पहलू जुड़ गया है, जिसे पुलिस अब गंभीरता से परख रही है।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले युवती के लापता होने के सन्दर्भ में परिजनों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें उन्होंने पांच युवकों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में यह भी कहा गया था कि युवती अपने साथ नगदी और जेवरात लेकर गई है।
अब युवती के सामने आने और स्पष्ट बयान देने के बाद पुलिस जांच की दिशा बदल सकती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती के बयान औपचारिक रूप से दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों व दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, युवती के परिजन अभी भी अपने आरोपों पर कायम हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।