स्वास्थ्य कर्मी प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : rajori news
राजोरी। जम्मू-कश्मीर नॉन गजेटेड कर्मचारियों का विरोध एवं धरना वीरवार को दूसरे दिन भी सरकारी मेडिकल कॉलेज राजोरी में जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष नासिर खान ने बताया कि 2.5 दिनों के अतिरिक्त वेतन के लंबे समय से चले आ रहे लाभ को वापस ले लिया गया है।
यह लाभ उन्हें एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट के तहत उनकी सेवाओं की मान्यता में चार दशकों से अधिक समय से दिया जा रहा था। इसमें उन्हें रविवार, छुट्टियों और आपातकालीन स्थितियों में भी उपलब्ध रहने की आवश्यकता होती है। उन्होंने इस लाभ की वापसी को अन्यायपूर्ण, मनमाना और उनकी वित्तीय स्थिरता पर सीधा हमला बताया। कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से आदेश को तुरंत रद्द करने और वापस लिए गए लाभ को बहाल करने की मांग की। विरोध करने वाले कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि सरकार अपना फैसला वापस ले नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा।