रामगढ़। रामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक घायल ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए थे। हादसा गांव चक सलारिया के पास दौलत चक मोड़ के पास हुआ था। इसमें एक युवक रामगढ़ की ओर और दूसरा विजयपुर की ओर जा रहा था। दोनों के वाहनों की टक्कर हो गई। इसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों ने दोनों को उठाकर रामगढ़ के सीएचसी अस्पताल में पहुंचाया। शाम शर्मा (30) निवासी करालीया को रामगढ़ के डाॅक्टरों ने एम्स में रेफर कर दिया। वहां शाम शर्मा ने अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। दूसरे युवक की पहचान अनिल कुमार निवासी चजवाल के रूप में हुई है। उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।