अखनूर। केंद्रीय विद्यालय-2, अखनूर में छात्र परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अमित वाल्टर ने की।
समारोह का मुख्य आकर्षण हेड गर्ल पारुल और हेड ब्वॉय रमज़ान की घोषणा रही, जिन्हें प्राचार्य ने स्वयं बैज पहनाकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त कंचन (वाइस हेड गर्ल), अरुण (वाइस हेड ब्वॉय), रिशु (स्पोर्ट्स कैप्टन, गर्ल्स) तथा दानिश (स्पोर्ट्स कैप्टन, बॉयज) को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवनियुक्त छात्र नेताओं ने अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने की शपथ ली। प्राचार्य वाल्टर ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “देश का सुनहरा भविष्य इन विद्यार्थियों के हाथों में है”। उन्होंने सभी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद भी प्रदान किया।
यह कार्यक्रम विद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य छात्र नेतृत्व को औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपना था। समारोह की शुरुआत बैज वितरण से हुई जिसमें क्रमशः क्लास मॉनिटर, हाउस कैप्टन और अंत में विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को सम्मानित किया गया।