आरएस पुरा/मीरां साहिब। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर रविवार को बाजार एसोसिएशन की तरफ से आरएस पुरा कस्बे में तिरंगा रैली निकाली गई। रैली कस्बे के हनुमान चौक से शुरू हुई तथा कस्बे के मुख्य बाजारों से होते हुए कस्बे के दलजीत चौक में संपन्न हुई।
तिरंगा रैली में भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह, विधायक विक्रम रंधावा, जम्मू नगर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बलौरिया सहित विभिन्न सामाजिक धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े हुए लोगों ने हिस्सा लिया। तिरंगा रैली में भारत माता की जय और भारतीय सैनिकों के शौर्य के जयघोष से कस्बा गूंजता रहा।
इस दौरान लोग देशभक्ति के गीतों पर थिरकते हुए नजर आए और भारतीय सेना को नमन किया। इस मौके पर बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा ने कहा कि हमारे सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के दांत खट्टे कर दिए हैं और हमें अपने वीर सपूतों पर गर्व है। इस मौके पर विधायक नरेंद्र सिंह तथा विक्रम रंधावा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल वीरता का प्रदर्शन किया बल्कि यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत आंतकवाद का जवाब उसी की भाषा में देने में सक्षम है।