नाली में फंसी गंदगी दिखाते लोग।
- फोटो : purmandal news
पुरमंडल। पुरमंडल के खड़ा में लोग लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली से निराश हैं। लोगों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने 2 साल पहले पुली का निर्माण किया था। तब से लेकर आज तक पुलिया में शटरिंग ही लगी हुई है। इसकी वजह से नाली से पानी की निकासी नहीं होने के कारण गंदगी और कूड़ा कचरा इकट्ठा हो गया है। नाली के पास 5 दुकानें और 15 घरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही एक मिडिल स्कूल को भी रुके हुए पानी की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी देव राज शर्मा ने बताया कि 2 साल पहले खड़ा से बावली की ओर जाने वाली सड़क पर लोक निर्माण विभाग की तरफ से एक पुलिया का निर्माण करवाया गया था। लोगों की सुविधा के लिए यह पुलिया बनाई गई थी ताकि मोहल्ले और दुकानों के पानी की निकासी आसानी से हो सके। अब 2 साल बीत जाने के बाद भी इस पुलिया में ठेकेदार द्वारा लगाई गई शटरिंग लगी हुई है। इसके कारण पुलिया का मुहाना बंद पड़ा हुआ है। लोगों के मोहल्ले से और रोड किनारे बनाई गई नाली से पानी की निकासी नहीं हो रही है। इस कारण नाली में पानी और कूड़ा इकट्ठा हो गया है। गंदगी में मच्छर और हानिकारक कीड़ों के उत्पन्न होने से बीमारियों का भी डर बना हुआ है।
शिवदीप शर्मा ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचित करने के बाद भी इस पुलिया से शटरिंग को नहीं निकाला गया और पानी की निकासी नहीं की गई। इसके चलते यहां पर एक मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और अध्यापकों को भी रुके हुए पानी और गंदगी की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विक्की कुमार शर्मा ने बताया कि इस नाली के किनारे कुछ दुकान और घर हैं। वह सभी नाली में रुके पानी की वजह से परेशान हैं। पानी की निकासी नहीं होने के कारण गंदगी और बढ़ रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी तीर्थ राम, बोधराज, रशपाल आदि ने बताया कि नाली के किनारे 10 से 15 घर भी हैं। इस नाली में पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने की वजह से इन घरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी रोकने से दुकानदारों अथवा मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को कई बार सूचित करने के उपरांत भी इस पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया तो विभाग ने बकाये का भुगतान कैसे कर दिया। अगर भुगतान नहीं किया है तो ठेकेदार को बोलकर विभाग को इस पुलिया को ठीक करवाना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।