रामबन। पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकोट में मंगलवार सुबह नाका चेकिंग के दौरान एक कार से 9.60 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने कार सवार युवक राजस्थान के अलवर निवासी राधेश्याम से संतोषजनक जवाब न मिलने पर आयकर विभाग को इसकी सूचना दे दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि उक्त पैसा कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि वाहनों की नियमित नाका जांच के दौरान चंद्रकोट पुलिस की एक टीम ने जम्मू जाने वाली एक कार (जेके01के -0732) को रोका। कार सवार राजस्थान के अलवर के विवेकानंद नगर सेक्टर 3 निवासी राधेश्याम के बैग से नौ लाख साठ हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ के दौरान राधेश्याम पैसे का श्रोत बताने में असफल रहा। इसके बाद पुलिस ने पैसा जब्त कर आयकर विभाग को इसके बारे में सूचित किया।