बाड़ी ब्राह्मणा। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने पल्ली गांव में मोर्चा संभाल लिया। एडीजीपी एसपीजी आलोक कुमार शर्मा ने सभी खुफिया एजेंसियों के साथ बैठक की और स्थिति का जायजा लिया।
एसपीजी का काफिला बुधवार देर रात ही सभा स्थल पर पहुंच गया था। वीरवार से ग्रुप ने सभा स्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया। हर चीज की बारीकी से जांच की जा रही है। पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था की सारी जिम्मेदारी खुद संभाल ली है। शुक्रवार को पूरे सभास्थल को एसपीजी के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद जिसके पास होगा, उसे ही संवेदनशील इलाकों में जाने दिया जाएगा।
मोर्चा संभालते ही एसपीजी ने हेलीपैड के पास बने बिजली के खंभे को हटाने के निर्देश दिए। इस पर बिजली विभाग ने उसे हटाने का काम शुरू कर दिया और दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया। एसपीजी के अधिकारी ने बताया कि यह बिजली का खंभा हेलिकॉप्टर के रडार में भी आ सकता है, इसलिए यहां से हटाना उचित है।