जम्मू। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा है कि सरकार जम्मू-कश्मीर के दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों में परिवहन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य यात्रियों के लिए पहुंच और सुविधा के साथ ही सुरक्षा और स्थिरता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार प्रभावी शासन देने के लिए समर्पित है। सरकार का उद्देश्य जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है।
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा कि सरकार सड़क संपर्क में सुधार, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने और जम्मू-कश्मीर में शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। उन्होंने समस्याओं की पहचान करने और उन्हें प्रभावी ढंग से हल करने के लिए जमीनी स्तर पर जुड़ने के महत्व को भी रेखांकित किया। उपमुख्यमंत्री सोमवार को लाम नौशेरा में जनता दरबार में जनसमस्याएं सुन रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों की चिंताओं के शीघ्र निवारण का आश्वासन दिया। उन्होंने आम लोगों के ज्वलंत मुद्दों को हल करने के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा लोगों के हितों की रक्षा करने में सबसे आगे रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दरबार सिर्फ शिकायतें दर्ज कराने का मंच नहीं है। बल्कि यह सहभागी शासन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि विश्वास और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए सरकार और जनता के बीच संवाद के माध्यम पर विचार कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने नौशेरा के रास्ते कालाकोट से जम्मू तक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय निवासियों की लंबे समय से लंबित मांग थी और उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम है।