जम्मू। केसर की खेती के लिए लद्दाख में अपार संभावनाएं हैं। इस पर काम होना चाहिए। यह बात लद्दाख के उपराज्यपाल सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डा. बीडी मिश्रा ने लद्दाख में केसर की खेती पर चर्चा बैठक में कही।
उन्होंने राज निवास में पायलट आधार पर केसर की रोपाई करके लद्दाख में केसर की खेती की संभावना तलाशने को कहा। इस मौके पर डॉ. ओपी चौरसिया ने बताया कि लद्दाख में केसर की खेती का पता लगाने के लिए कारगिल आदर्श स्थान है। उन्होंने कारगिल में उन किसानों के बारे में भी जानकारी दी जो जिले में केसर की खेती पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू ने केसर की खेती पर काम किया है। डॉ. ओपी चौरसिया ने स्थानीय किसानों, विशेषकर लद्दाख के अग्रिम क्षेत्रों के किसानों को समर्थन देने के लिए डीआईएचएआर द्वारा की गई विभिन्न पहलों की जानकारी दी। सचिव कृषि भूपेश चौधरी ने सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने ने सचिव कृषि और निदेशक डीआईएचएआर को स्थानीय किसानों, विशेष रूप से कृषि प्रथाओं में लगी महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए लद्दाख में केसर की खेती की व्यवहार्यता का पता लगाने के लिए कहा।