जम्मू। प्रदेश पुलिस का स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) भी सेना की स्पेशल फोर्स की तरह काम करेगा। इसके लिए एसओजी के जवानों को सुजवां कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में सेना की पैरा फोर्स से प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
कठुआ, डोडा, राजोरी, पुंछ, किश्तवाड़ के एसओजी जवानों को विशेष तौर पर इस प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। क्योंकि पिछले एक वर्ष के दौरान इन इलाकों में छुपे आतंकियों ने सेना पर कई हमले किए। हमला होने पर सेना के साथ एसओजी भी आतंकियों पर कार्रवाई के लिए मैदान में उतरता है। ऐसे में एसओजी के जवान सेना की तरह ही प्रभावी कार्रवाई करें, इसलिए ये प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य एसओजी की युद्ध रणनीतियों को और बेहतर बनाना भी है। ये कदम जम्मू संभाग में विशेष तौर पर चिनाब घाटी और पीर पंजाल क्षेत्र के चुनौतीपूर्ण इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों में वृद्धि को देखते हुए उठाया गया है। इन इलाकों में पिछले एक वर्ष के दौरान 12 जवान बलिदान हो चुके हैं। प्रशिक्षण में शारीरिक फिटनेस, युद्ध रणनीति, आतंकवाद विरोधी अभियानों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण विशेष तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। जवानों को तैयार करने में कई जानकारियां दी जा रही हैं, जिन्हें सार्वजनिक रूप से साझा भी नहीं किया जा सकता।