अरनिया । त्रेवा और अरनिया कस्बे की 70 महिलाओं के उनकी अनुमति के बिना ही जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक की कुंजवानी ब्रांच (जम्मू) में बचत खाते खुल गए। इतना ही नहीं इन खातों से लोन भी जारी कर दिया गया। इसका खुलासा तब हुआ जब महिलाओं को बैंक से लोन भरने के लिए नोटिस भेजा गया।
नोटिस मिलने के बाद बुधवार को अरनिया की तीन महिलाओं महिला सत्या देवी, पुष्पा देवी, रजनी बाला ने बताया कि जेएंडके ग्रामीण बैंक के हेड ऑफिस नरवाल से उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। मंगलवार शाम को जब डाक से हमें नोटिस मिला तो हैरान रह गईं। इसमें बैंक के बचत खाते सहित लोन खाने का भी जिक्र है। उनके नाम पर कितना लोन लिया गया है, इसकी राशि नहीं लिखी है। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने तो कभी भी इस बैंक में खाता नहीं खुलवाया। अब वे परेशान हैं कि क्या करें। बैंक ने जवाब देने के लिए बुलाया है। महिलाओं ने कहा कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच हो और ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई हो।
.............................
लोगों की बिना सहमति के खाते खुले हैं। बैंक के खातों की सालाना जांच में ये बात सामने आई है। अब खाताधारकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। खाता कैसे खुला इसके लिए जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट में जो कोई दोषी पाया गया, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-अनुपम, मैनेजर, जेएंडके ग्रामीण बैंक हेड ऑफिस, नरवाल
.....................