लेह/जम्मू। पहाड़ों पर बर्फबारी से वन्यजीव निचले इलाकों में आने लगे हैं। लद्दाख के कारगिल जिले में दो दिन पूर्व हुई बर्फबारी के बाद दो हिमालयी भूरे भालुओं का जोड़ा मीनामर्ग में दिखाई दिया। स्थानीय व्यक्ति ने कस्बे के बीचोबीच घूम रहे भालुओं का वीडियो बनाया, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दो वयस्क भालू खाने घूमते नजर आ रहे हैं।
कारगिल निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सज्जाद कारगिली ने बताया कि यह भालू दो दिन पूर्व मीनामर्ग में देखे गए। बर्फबारी होने के बाद हिमालयी भूरे भालू द्रास के आसपास दिखाई देने लगते हैं। कई बार यह भालू लोगाें के मवेशियों पर हमले करते हैं। इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। सर्दियां बढ़ने पर स्थानीय लोगों को सावधानी बरतनी पड़ती है।
---
एलओसी पार देओसर से द्रास आ जाते हैं भालू
अत्यधिक सर्दी वाले सीजन में हिमालयी भूरे भालू सबसे ज्यादा कारगिल के द्रास में दिखाई देते हैं। एलओसी के पार पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान में देओसर नेशनल पार्क को हिमालयन भूरे भालुओं का घर कहा जाता है। पिछले कुछ दशकों में भालुओं की संख्या बढ़ी है। बर्फबारी होने पर ऊंचे पठार से भालू एलओसी पार इस तरफ आ जाते हैं।
---
कारगिल युद्ध की गोलाबारी से घट गई थी संख्या
वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध की गोलाबारी से हिमालयी भूरे भालू भी चपेट में आए थे। लद्दाख वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कारगिल युद्ध में भूरे भालुओं की संख्या बहुत कम रह गई थी। इससे यह भालू कई सालों तक दिखाई नहीं दिए। बीते दशक से हिमालयी भूरे भालू फिर दिखने लगे हैं। बर्फबारी के सीजन में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामले भी बढ़ जाते हैं। इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जाता है।