जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोविड का ग्राफ चढ़ने लगा है। प्रदेश में शनिवार को नए 146 संक्रमित मामले मिले, जिसमें जम्मू संभाग से 90 मामले हैं। जिला जम्मू सबसे अधिक प्रभावित है। पिछले चौबीस घंटे में जम्मू संभाग में एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है। प्रदेश में सक्रिय मामले बढ़कर 754 पहुंच गए हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 470 और कश्मीर संभाग से 284 मामले हैं। अब तक 4758 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है, जिसमें जम्मू संभाग से 2333 और कश्मीर संभाग से 2425 मौतें हुई हैं।
जिला जम्मू में संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी हुई है। जिले में 67 नए संक्रमित मामले मिले जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। इसी तरह जिला श्रीनगर में 45 नए संक्रमित मामले मिले हैं। दोनों ही जिलों में संक्रमण का प्रसार हो रहा है। इसके अलावा उधमपुर में 9, गांदरबल, पुंछ और बड़गाम में 4-4, कठुआ और बारामुला में 2-2, सांबा में 6, राजोरी, डोडा और शोपियां में 1-1 संक्रमित मामला मिला है। पिछले चौबीस घंटे में जम्मू कश्मीर में 11519 कोविड परीक्षण किए गए। वर्तमान में जम्मू एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर कोई कोविड परीक्षण नहीं किए जा रहे हैं। अमरनाथ यात्रा भी जारी है जिससे प्रतिदिन हजारों श्रदालु जम्मू पहुंच रहे हैं। ऐसे में आगामी दिनों में कोविड संक्रमण का प्रसार बढ़ने की आशंका है। कोविड परीक्षण बढ़ाने से भी संक्रमित मामलों में वृद्धि हुई है।