जम्मू। जम्मू कश्मीर के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 8 और 9 जुलाई को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम खराब होने की सूरत में संभावित क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है। इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इस बीच वीरवार को कुछ हिस्सों में बारिश के साथ लगभग मौसम साफ रहा। मौसम के बदलाव से तपिश से राहत है।
जम्मू में वीरवार की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। एक समय लग रहा था कि इंद्रदेव मेहरबान होंगे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने से तपिश का अहसास हुआ। पिछले कुछ दिन से निरंतर अंतराल में हो रही बारिश से तापमान में थोड़ी राहत बनी हुई है। जम्मू में दिन का तापमान 35.7 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में दिन का पारा 30.4, बटोत में 29.1, कटड़ा में 33.1 और भद्रवाह में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान 30.7, पहलगाम में 25.0 और गुलमर्ग में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का पारा 28.1 और कारगिल में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।