जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। किसी भी धार्मिक यात्रा में प्रसाद अहम होता है। तीर्थ यात्रियों के लिए ऑनलाइन चांदी के सिक्कों और प्रसाद सुविधा के बाद नई पहल के तहत अब पवित्र गुफा, दोमेल एसेस कंट्रोल गेट बालटाल और चंदनबाड़ी एसेस कंट्रोल गेट पहलगाम में सोविनिर काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां पर भक्तजन प्रसाद के साथ चांदी के सिक्के हासिल कर सकते हैं। बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए प्रतिदिन देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
भक्तजन पवित्र गुफा में स्थापित काउंटर पर 5 और 10 ग्राम के चांदी के सिक्कों को क्रमश 700 रुपये और 1300 रुपये में खरीद सकते हैं। इसी तरह दोमेल एसेस कंट्रोल गेट बालटाल और चंदनबाड़ी एसेस कंट्रोल गेट पहलगाम में तीर्थ यात्री प्रसाद के साथ 5 ग्राम का चांदी का सिक्का 1000 रुपये, प्रसाद के साथ 10 ग्राम का चांदी का सिक्का 2000 रुपये और प्रसाद बिना सिक्के को 501 रुपये में हासिल कर सकते हैं। भक्तों की लंबे समय से मांग थी कि उन्हें यात्रा के दौरान उपयुक्त स्थानों पर प्रसाद और चांदी के सिक्के उपलब्ध करवाए जाएं। बोर्ड की ओर से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए नई पहल की जा रही है। प्रसाद और चांदी के सिक्कों की सुविधा को पहले से ऑनलाइन किया गया है, जिससे डाक के माध्यम से भक्त के घर तक प्रसाद पहुंचाया जा रहा है। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से प्रतिदिन 6-7 हजार यात्री कश्मीर के लिए रवाना हो रहे हैं। इसी तरह अग्रिम पंजीकृत यात्री बड़ी संख्या में सीधे ही पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। यात्रियों के लिए आवास सहित अन्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे आपात स्थिति में एक साथ हजारों श्रद्धालुओं को ठहराया जा सकता है। अमरनाथ यात्रा आगामी 11 अगस्त तक जारी रहेगी।