जम्मू। उपराज्यपाल के प्रधान सचिव व अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड के सीईओ नीतीश्वर कुमार ने शुक्रवार की देर रात नुनवान आधार शिविर का दौरा कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आधार शिविर में रोशनी के प्रावधानों, यातायात नियमों के उपायों के अलावा पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, शौचालय, स्वच्छता, लंगर प्रबंधन तथा प्रवेश मार्गों की जानकारी ली।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने और बिना किसी कठिनाई का सामना किए अपनी यात्रा पूरी करने में सक्षम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए समय-समय पर दिए गए अपने पूर्व के निर्देशों को दोहराया। उनके साथ डीसी अनंतनाग डॉ. पीयूष सिंगला, सीईओ के ओएसडी अनूप कुमार सोनी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।