जम्मू। अमरनाथ यात्रा को और बेहतर और सुगम बनाने के लिए श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड विशेषज्ञ सलाहकार की मदद लेगा। 13 मई तक बोर्ड ने इसके लिए प्रस्ताव मांगे हैं। इसके आधार पर बोर्ड तय करेगा कि किस विशेषज्ञ का प्रस्ताव यात्रा को बेहतर बनाने के लिए सबसे उचित है। बोर्ड की ओर से इसे लेकर टेंडर भी जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रस्ताव में तमाम जानकारियां देनी होंगी कि यात्रा की हर एक व्यवस्था को किस तरह से मजबूत बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शिरकत करें। इसमें यात्रियों की सुरक्षा से लेकर खाने पीने, रहने, आने-जाने से लेकर तमाम बातों पर अपनी राय देनी होगी। जिस किसी का प्रस्ताव सबसे बेहतर होगा, उसको डेढ़ साल के लिए यात्रा के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रस्ताव को अगले 2 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। यात्रा के बुनियादी ढांचे, श्रद्धालुओं के आने-जाने, पानी, साफ सफाई, कचरा प्रबंधन और सभी स्थलों में सुधार जैसे क्षेत्र में एक व्यापक योजना बनानी होगी। श्रद्धालुओं को किन चीजों की आवश्यकता है, उनका अनुभव कैसा है। वह किसी तरह ही सुविधाएं चाहते हैं और क्या दिया जा सकता है। यह सब प्रस्ताव में शामिल होगा। यात्रा के प्रचार के लिए सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रानिक मीडिया आदि की कितनी जरूरत है, इसका भी ध्यान देना होगा। वहीं एक विशेषज्ञ सिर्फ एक ही प्रस्ताव बनाकर दे सकता है। कुल मिलाकर श्राइन बोर्ड ने 34 पन्नों का एक टेंडर जारी किया है। इसके मुताबिक ही विशेषज्ञ अपना प्रस्ताव बनाकर देंगे। इन सभी प्रस्ताव में से जिसका सबसे बेहतर होगा, उस पर श्राइन बोर्ड काम करेगा। प्रस्ताव देने वाले को यात्रा के दौरान यातायात को लेकर भी अपनी योजना पेश करनी होगी।