जम्मू। ऋषिकेश एम्स से पहले बैच को मीरां साहिब अस्थायी कैंपस में शिफ्ट करने के बाद अप्रैल के अंत तक दूसरे एमबीबीएस बैच को शुरू किया जा रहा है। इस बैच के लिए 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, हालांकि इसमें 62 छात्र लिए जाने हैं। इस बैच के लिए विद्यार्थियों को 24 से 30 अप्रैल तक कक्षाओं में आने को कहा गया है। इसके साथ दोनों बैच में 110 विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके बाद तीसरे बैच को एम्स विजयपुर में शुरू करने की योजना है।
हाल ही में मीरां साहिब स्थित अस्थायी कैंपस में एम्स के पहले बैच के दूसरे वर्ष के पचास विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू की गई थी, जिसके बाद अप्रैल के अंत तक दूसरे बैच को शुरू कर दिया जाएगा। अस्थायी कैंपस में ऑफलाइन कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों को जीएमसी जम्मू में प्रैक्टिकल पढ़ाई कराई जाएगी। जम्मू में एम्स की कक्षाएं शुरू होने से यहां देशभर के मेधावी एमबीबीएस छात्रों को नया अनुभव मिलेगा। जम्मू में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करवाने का उद्देश्य देशभर से आए विद्यार्थियों को जम्मू-कश्मीर की असली तस्वीर दिखाना है, जिससे देश दुनिया में यहां से शांति का संदेश जा सके। एम्स की पहली बार जम्मू में कक्षाएं शुरू की गई हैं। एम्स जम्मू के लिए 183 संकाय और दूसरे पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। संकाय की उपलब्धता पर आगामी ई-चिकित्सा परामर्श सुविधा शुरू की जाएगी। विजयपुर में 227 एकड़ में प्रतिष्ठित एम्स परियोजना का निर्माण मार्च 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। एम्स के निदेशक डॉ. शक्ति गुप्ता का कहना है कि अस्थायी कैंपस में दूसरे एमबीबीएस बैच को जल्द शुरू किया जा रहा है। इससे जम्मू-कश्मीर में अत्याधुनिक एमबीबीएस पढ़ाई के साथ रोगी देखभाल चिकित्सा मजबूत होगी।