जम्मू। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा स्तर में सुधार लाने और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के लिए संरक्षक शिक्षक (टीचर मेंटर) पहल शुरू की है। इसके तहत विभाग प्रदेश के सभी 12972 प्राइमरी स्कूलों में इस पहल को शुरू करने जा रहा है। इसमें एक शिक्षक पर दस छात्रों की जिम्मेवारी होगी। ये शिक्षक छात्रों के शिक्षा स्तर में सुधार करेगा। इसकी निगरानी के लिए समग्र शिक्षा ने एक पोटर्ल भी तैयार किया है। समग्र शिक्षा ने इस पहल को व्यापक रूप से लागू करने के लिए दो दिवसीय कार्याशाला का आयोजन किया है।
इस दौरान समग्र शिक्षा निदेशक दीप राज ने कहा कि मेंटरिंग का उद्देश्य बच्चों में सुधार लाना, उनके प्रदर्शन की निगरानी करना है। इस पहल को प्राथमिक स्तर पर शुरू किया जा रहा है ताकि छात्रों के सीखने के परिणामों का आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग विभिन्न सुधारों के माध्यम से शैक्षिक प्रणाली को उन्नत करने में लगा है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए लाखों रुपये खर्चे जा रहे हैं। दो दिवसीय कार्यशाला में 204 शिक्षक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।