जम्मू के आरएस पुरा (किरपिंड) की अमनप्रीत कौर एनडीए के लिए क्वालीफाई करने वाली प्रदेश की पहली बेटी बन गई है। अमनप्रीत ने नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) की लिखित परीक्षा में सफलता के बाद सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार और मेडिकल उत्तीर्ण किया है। अब मेरिट सूची में नाम आने के बाद वह पुणे स्थित खड़कवासला नेशनल डिफेंस अकादमी में चार साल का प्रशिक्षण लेंगी।
अमनप्रीत ने कहा कि उन्हें बचपन से एनडीए में जाने का शोक था, लेकिन आठवीं कक्षा में पता चला है एनडीए की परीक्षा लड़कियां नहीं दे सकती है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहली बार महिलाओं को एनडीए की परीक्षा देने का मौका मिला है तो फिर उम्मीद बंधी। आवेदन के 14 दिन पहले ही तैयारी शुरू की। अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने से ज्यादा परेशानी नहीं हुई। लिखित परीक्षा पास करने के बाद बेंगलुरू में एसएसबी साक्षात्कार में सफलता हासिल की।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 19 लड़कियों का चयन होना है और मुझे उम्मीद है कि मैं उनमें से एक रहूंगी। साक्षात्कार के दौरान मैंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अमनप्रीत कौर ने कहा कि उनके पिता भी सेना में हैं। स्कूल में एनसीसी की कैडेट रही हूं। नौवीं कक्षा में एनसीसी कैंप के दौरान नेवी प्रमुख के घर जाने का मौका मिला था। वहीं से एनडीए में जाने की मेरी रुचि और बढ़ गई।
अमनप्रीत कौर ने कहा कि लक्ष्य डिफेंस अकादमी के निदेशक एवं ब्रिगेडियर (रि.) आरएस जमवाल के मार्गदर्शन में तैयारी पूरी की। आरएस जमवाल ने कहा कि मेरिट सूची में नाम आने के बाद अमनप्रीत कौर चार वर्ष के कड़े प्रशिक्षण के बाद सेना, नेवी या एयरफोर्स में अधिकारी बनेंगी। जमवाल के मुताबिक उन्होंने भी 1973 में एनडीए में सफलता हासिल की थी।