जम्मू। जम्मू और श्रीनगर शहर में रविवार को जूनियर इंजीनियर (सिविल) सहायक कानून अधिकारी, सहायक कानून, कनिष्ठ कानूनी सहायक और रीडर की परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। दोनों शहरों में हुई परीक्षा में 15346 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। ओएमआर मोड पर हुई परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी से की गई। जूनियर इंजीनियर (जेई) के 163 और अन्य 35 पदों के लिए परीक्षा हुई।
जेकेएसएसबी ने प्रत्येक परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 42 मजिस्ट्रेट, 42 केंद्र पर्यवेक्षक, 42 केंद्र अधीक्षक और लगभग 880 निरीक्षक तैनात किए थे। इसके साथ उड़न दस्ते, सामान्य पर्यवेक्षक और मुख्य निरीक्षकों को परीक्षा के प्रभावी पर्यवेक्षण और निगरानी के लिए नामित किया गया था। ग्रीन वैली एजुकेशनल इंस्टीट्यूट इलाही बाग, श्रीनगर में तैनात एक निरीक्षक को लाइव सीसीटीवी निगरानी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए देखा गया। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर निरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश संबंधित उपायुक्त से की गई है। जेकेएसएसबी ने सभी लिखित परीक्षा की उत्तर कुंजी भी जारी की है।