जम्मू। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि समाज में 90 फीसदी बुराइयों के लिए राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं। धर्म, क्षेत्र, जाति, गांव, शहर के नाम पर लोगों को बांटकर इंसान को इंसान तक नहीं रहने दिया गया है। जम्मू बार एसोसिएशन व सिविल सोसायटी की तरफ से रविवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने यह बात कही। इस कार्यक्रम का आयोजन आजाद को मिलने वाले पद्म सम्मान के सिलसिले में किया गया था।
आजाद ने कहा, हिंदू, मुस्लमान, दलित, गैर दलित के राजनीतिक नारों में इंसान कहीं खोकर रह गया है। उन्होंने कहा, विश्व में भी माहौल कुछ ज्यादा ठीक नहीं है। रूस व यूक्रेन युद्ध भी इसकी ताजा मिसाल है। उन्होंने कहा, वह कांग्रेस पार्टी के नेता के तौर पर नहीं, एक इंसान के तौर पर जम्मू की सिविल सोसायटी को संबोधित कर रहे हैं और चाहते हैं कि राजनीतिक दल चाहे जो भी करे, सिविल सोसायटी इंसान को इंसान रहने देने के लिए अपनी भूमिका को अदा करे। उन्होंने कहा, देश में दिल्ली के बाद दूसरा सर्वदेशीय शहर जम्मू है।
गांधीवादियों की तरह कांग्रेस भी सिकुड़ गई
गुलाम नबी आजाद ने कहा, देश में चालीस साल पहले जिस तरह से हर तरफ गांधीवादी लोग दिखते थे, लेकिन अब गांधीवादियों की तरह कांग्रेस भी सिकुड़ गई है। उन्होंने कहा, कांग्रेस में उन्हें 47 साल हो गए हैं और हर कोई यही जानता है कि वह शुरू से ही कांग्रेस में हैं, लेकिन कांग्रेस से पहले वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रेरित होकर गांधीवादी बने। इसलिए पहले वह गांधीवादी हैं और फिर कांग्रेसी।
------------------------------------
जम्मू-कश्मीर के लोगों की अनदेखी हुई, आजाद नेतृत्व करें
जम्मू। जम्मू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एमके भारद्वाज ने कहा, जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों की राष्ट्रीय स्तर पर अनदेखी हुई है। गुलाम नबी आजाद को यहां से राजनीतिक अगुवाई करनी होगी, तभी प्रदेश के लोगों के हितों की रक्षा हो सकती है। वरिष्ठ वकील मोहम्मद असलम गोनी ने कहा कि आजाद ही जम्मू-कश्मीर को मुश्किल से निकाल सकते हैं। पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. एसपी वेद ने कहा, प्रदेश को आजाद के नेतृत्व की जरूरत है। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री जुगल किशोर के अलावा जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता व अन्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सिविल सोसायटी की तरफ से आजाद को सम्मानित भी किया गया।