जम्मू। जम्मू जिले की बाहु तहसील के गांव सुंजवां और चौआदी के गायब राजस्व दस्तावेजों में से ज्यादातर को बरामद कर लिया गया है। बरामद किए गए रिकॉर्ड में वास्तविक जमाबंदियां, रोजनामचा, मुसाविस और राजस्व नक्शे आदि शामिल हैं।
उच्च पदस्थ राजस्व अधिकारियों के अनुसार गायब राजस्व रिकॉर्ड मामले में पूरी गंभीरता के साथ काम किया जा रहा है और गायब रिकार्ड का अधिकतर हिस्सा बरामद भी किया जा चुका है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) राजस्व अधिकारियों जिसमें वर्तमान व पूर्व राजस्व अधिकारियों व प्रॉपर्टी डीलरों की सांठगांठ की तह तक जाने का काम कर रही है।
भविष्य में राजस्व रिकॉर्ड के गायब होने जैसा कोई मामला फिर पेश न आए, इसके लिए रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पांच नवंबर 2021 को सुंजवां व चौआदी गांवों के राजस्व रिकॉर्ड के गायब होने का मामला मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर के संज्ञान में आने के बाद सात नवंबर 2021 को छन्नी हिम्मत पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले की जांच में कई राजस्व अधिकारियों व पूर्व अधिकारियों के अलावा प्रॉपर्टी डीलरों की सांठगांठ से रिकॉर्ड के गायब होने का मामला सामने आया था। इनमें तीन वर्तमान और पांच पूर्व राजस्व अधिकारियों, जिसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार, गिरदावर, पटवारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके बाद बीस फरवरी को पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने 21 स्थानों पर दबिश देकर कई राजस्व दस्तावेज और लाखों रुपये जब्त किए थे।
- राजस्व विभाग और एसआईटी जांच रही दस्तावेज
जम्मू। राजस्व रिकॉर्ड गायब मामले में तीसरे दिन दस्तावेजों के मिलान का काम जारी रहा। कुछ पटवार घरों से राजस्व रिकॉर्ड गायब होने के चलते असली जमीन मालिकों का पता नहीं चल पा रहा है। राजस्व विभाग और एसआईटी की टीम ने दस्तावेजों का अवलोकन किया। जब्त दस्तावेजों की संख्या ज्यादा होने के कारण कार्रवाई लंबी चल सकती है। कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में परतें खुलेंगी। वहीं, रिमांड पर चल रहे चारों आरोपियों से पुलिस पूछताछ जारी है। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली ने कहा कि मामले में छानबीन जारी है। दस्तावेजों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
----------------------
क्या है मामला
टीम ने तीन वर्तमान और पांच पूर्व राजस्व अधिकारियों के यहां छापे मारे थे। इन अधिकारियों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी स्तर के अफसर थे। इसके अलावा आठ प्रापर्टी डीलरों के सुंजवां, चौआदी, ग्रेटर कैलाश, संजय नगर, जानीपुर, गुज्जर नगर, बाहु, सिद्दड़ा, त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन, सतवारी और सांबा जिलों में ठिकानों पर दबिश दी गई थी। यहां से आपत्तिजनक दस्तावेज, भूमि खरीद फरोख्त के दस्तावेज, बैंक लॉकर की चाबियां, जमाबंदियां, रोजनामचा के अलावा सुंजवां और चौआदी गांवो के गायब नक्शे बरामद हुए हैं।