जम्मू। विजयपुर में निर्माणाधीन एम्स में एक साथ तीन हेलिकॉप्टर भी उतरेंगे। इससे गंभीर मरीजों को जल्द उचित उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से एम्स पहुंचाया जाएगा। इसके लिए इमरजेंसी के पास हेलिकॉप्टर लैंडिंग के लिए विशाल हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा। इससे पहले एक ही हेलिकॉप्टर उतारने का प्रावधान था। यह एम्स में आपात (इमरजेंसी) सेवाओं को सर्वश्रेष्ठ बनाने की कवायद है।
विजयपुर में निर्माणाधीन एम्स में चालीस से अधिक ढांचों का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर 40 फीसदी से अधिक काम पूरा कर लिया गया है। एयर एंबुलेस के लिए एम्स में पर्याप्त व्यवस्था करने का उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और पड़ोसी राज्यों में पंजाब, पठानकोट आदि के मरीजों को चिकित्सा लाभ देना है। एम्स के निदेशक डॉ. शक्ति गुप्ता ने बताया कि पहले एम्स परियोजना में एक हेलिकॉप्टर के लिए हेलिपैड बनाने की योजना थी, लेकिन जम्मू-कश्मीर की विभिन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशाल हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा। इससे दूसरे केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
---------------
मई-जून में ओपीडी शुरू करने की तैयारी
एम्स में आगामी मई-जून से ओपीडी सेवा शुरू करने की योजना है। इसमें मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सेवा, भौतिक ओपीडी, आयुष ब्लॉक और नाइट शेल्टर का लाभ मिलेगा।
---------
मार्च से 12 घंटे प्रदेश और लद्दाख के लिए टेली परामर्श
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और लद्दाख के मरीजों को मार्च से टेली चिकित्सा परामर्श सुविधा मिलेगी। इसमें शुरुआत में 12 घंटों का परामर्श दिया जाएगा, जिसमें सुबह 8 से रात 8 बजे तक संकाय और रेजीडेंट डॉक्टर टेली परामर्श देंगे।
---------
इजराइल के साथ ट्रामा साइंस संस्थान स्थापित होगा
एम्स प्रशासन कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ ज्ञापन समझौता हस्ताक्षर कर विभिन्न संस्थानों को स्थापित करेगा। इसमें इजराइल सरकार के साथ ट्रामा साइंसेस में इंस्टीट्यूट आफ एक्सीलेंसी की स्थापना की जाएगी। इसी तरह मोनाश विश्वविद्यालय आस्ट्रेलिया के साथ मिलकर डिजिटल एम्स ईएमआर पर शोध परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर हिमालयन रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर योगा एंड नेचुरोपैथी, पालमपुर से एमओयू की योजना है।
-----------
एम्स के लिए अतिरिक्त 100 कनाल भूमि की तलाश
एम्स के विस्तार के लिए अतिरिक्त 100 कनाल भूमि की तलाश की जा रही है। एम्स में 226.84 एकड़ भूमि पर नार्थ और साउथ कैंपस का निर्माण किया जा रहा है। इसमें नार्थ कैंपस में अस्पताल व अकादमिक भवन और साउथ कैंपस में हास्टल व स्टाफ हाउसिंग का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना पर अनुमानित 1661 करोड़ रुपये की लागत आएगी।