उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में असमानता विहीन समाज की स्थापना की दिशा में काम किया जा रहा है। आर्थिक क्षेत्र में तमाम सकारात्मक सुधारों के जरिये समाज के सभी वर्ग के लोगों के जीवनस्तर में बदलाव लाया जा रहा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मौके देकर सशक्त बनाया जा रहा है ताकि वैश्वीकरण के दौर में विकास की चुनौतियों का सामना किया जा सके। इस वर्ष के पहले अवाम की आवाज कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार प्रदेश के आर्थिक तथा सामाजिक क्षेत्र में बदलाव लाने की दिशा में कई कार्य कर रही है।
हाल ही में हुए प्रथम रियल एस्टेट सम्मेलन में 18300 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव आए। इससे न केवल आर्थिक समृद्धि आएगी, बल्कि रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय कारोबारी समूह वित्तीय रूप से सशक्त होगा। दुबई एक्सपो में 17 हजार करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव पर राज्य सरकार तथा दुबई की प्रमुख कारोबारी कंपनी ने समझौता किया है।
विकास को अपनाने से होता है सकारात्मक बदलाव
गुड़गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ गांवों के समूह को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया और अब वहां विश्व की सबसे बड़ी 250 से अधिक कंपनियां निवेश कर रही हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और आम जनता समृद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि केवल विचार ही नहीं बल्कि विकास में विश्वास समाज में क्रांति लाते हैं। समाज में प्रत्येक सकारात्मक बदलाव विकास को अपनाने से होता है, न कि उसका विरोध करने से।
उप राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले किए गए वादों को पूरा किया है। अब खेल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की राजपत्रित पदों पर भी नियुक्ति हो सकेगी। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ तथा एशियन गेम्स में पदक लाने वालों को आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति भी मिलेगी।
युवाओं की सफलता की कहानी भी बताई
उप राज्यपाल ने प्रदेश के युवाओं की सफलता की कहानी का भी जिक्र किया। बताया कि युवा तौसीफ अली मलिक ने पारंपरिक बुखारी को पोर्टेबल रूम हीटर के रूप में बदला और राष्ट्रीय इनोवेशन फाउंडेशन पुरस्कार से सम्मानित किए गए। इसी प्रकार श्रीनगर की मसरत फारूक ने भी उद्यमिता के क्षेत्र में अपना योगदान दिया है। राजोरी के कोटेधारा के विशाल चंद्र शर्मा ने केसर की खेती कर इतिहास रचा और केसर उत्पादन के नए क्षेत्र में इसे शामिल कराया।
शिक्षा विभाग के लिए यू ट्यूब चैनल शुरू करने का सुझाव
अवाम की आवाज में जम्मू व श्रीनगर में एप आधारित टैक्सी सेवा शुरू करने, शिक्षा विभाग के लिए यू ट्यूब चैनल शुरू करने, जीवन प्रमाणपत्र के लिए आनलाइन सत्यापन, उप शहरीय इलाकों के लिए आवास नीति लागू करने के भी सुझाव आए। शेख आशिक अहमद (श्रीनगर), प्रो. गीर मोहम्मद इशहाक, गौरव शर्मा, अबरार काजमी, फैय्याज अहमद बाबा, मोहम्मद लतीफ, रंधीर कुमार, राजेश्वर जमवाल, मीर आदिल फारूक ने भी सुझाव दिए।
कोरोना प्रोटोकॉल का सभी करें पालन
उप राज्यपाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने में लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। ओमिक्रॉन के प्रसार को देखते हुए उन्होंने सभी से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की। उन्होंने पीडीडी कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आठ जनवरी को भारी बर्फबारी के बीच केपीडीसीएल ने सात-आठ घंटे के भीतर 500 फीडर की मरम्मत की। पिछले साल की तुलना में बेहतर बिजली आपूर्ति की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।