आरएस पुरा। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने कहा कि आरएस पुरा क्षेत्र में हेरिटेज रेल परियोजना, वाघा की तर्ज पर बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी और वेटलैंड विकास होने से रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसका सबसे ज्यादा लाभ स्थानीय लोगाें को होगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में आरएस पुरा पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगाें से बातचीत कर समस्याएं सुनकर भरोसा दिलाया कि जायज मांगों को पूरा किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम रामलाल शर्मा, वन्यजीव विभाग अधिकारी डॉ. एमके सिंह, पीडब्लूडी व सीमा सुरक्षा बल अधिकारी भी मौजूद रहे।
--------
वेटलैंड में आ रही जमीन
के बदले जमीन दे सरकार
डिवीजनल कमिश्नर के दौरे के दौरान घराना गांव के लोगों ने वेटलैंड को लेकर अपना पक्ष रखा। ग्रामीणों ने कहा कि उनके जीवन यापन का साधन खेतीबाड़ी पर निर्भर है। गांव में वेटलैंड में किसानों की भूमि व मकान आ रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने बताया कि वेटलैंड को लेकर भी उनकी भूमि की निशानदेही की गई, वह भी सही नहीं की गई। ग्रामीणों ने कहा कि वेटलैंड में आ रही जमीन के बदले उनको जमीन दी जाए। उन्होंने साफ किया कि वो किसी तरह की भी गलत बात को सहन नहीं करेंगे। डिवीजनल कमिश्नर ने विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और इसी मकसद से वह यहां आए हैं।
----
सरपंच गुरदयाल सिंह मजोत्रा ने डिवकॉम को ज्ञापन सौंपा और कहा कि घराना वेटलैंड को लेकर पहले भी सरकार के समक्ष ग्रामीणों की बात रखी गई। सिर्फ आश्वासन के कुछ नहीं किया गया। वेटलेंड निर्माण कराने के लिए सरकार की ओर से लोगों की मालिकाना कृषि योग्य जमीन भी रखी गई। सरकारी जमीन पर वेटलैंड का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को मकान न आएं, पर इसकी अनदेखी की गई। सीमा पर स्थित जीरो लाइन के पास फेंसिंग करने पर 20 वर्ष बाद लोगों को राहत राशि नहीं मिल पाई। हर वर्ष सर्दी में आनेवाले प्रवासी पक्षी किसानों की फसलें बरबाद करने पर सरकार की ओर से किसानों की अनदेखी की जाती है। उन्होंने घराना क्षेत्र के किसानों की अनदेखी करने के बजाय समाधान करने की मांग की।