जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू ने प्रशासन से हफ्ते में पांच दिन मार्केट, बाजार और मॉल को खोलने की मांग की है। चैंबर पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले दो हफ्ते में कोविड संक्रमित मामलों और मौतों में कमी आई है, जिससे कारोबारियों को और राहत दी जाए।
चैंबर हाउस में बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान अरुण गुप्ता ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी कोविड एसओपी का कारोबारियों ने सख्ती से पालन किया है। इसके अलावा कोविड संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए कारोबारियों ने पूरा सहयोग दिया है, जिसके बेहतर परिणाम आए हैं, लेकिन पिछले एक माह से अधिक समय से कोविड के कारण आर्थिक मार झेल रहे कारोबारियों को अब राहत दी जानी चाहिए। इसके लिए हफ्ते में पांच दिन प्रतिष्ठानों को खोला जाना चाहिए। उन्होंने उपराज्यपाल से कारोबारियों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की है। बैठक में पदाधिकारियों में अनिल गुप्ता, राजीव गुप्ता, गौरव गुप्ता, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।