जम्मू। श्रीनगर में कश्मीरी पंडित दवा कारोबारी की हत्या की उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती, भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी आशीष सूद ने निंदा की है। उप राज्यपाल बोले, इस कायरतापूर्ण कार्रवाई की कड़ी निंदा करता हूं। दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ पूरी संवेदना है। इस प्रकार के जघन्य कृत्य के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उमर ने इस घटना की निंदा करते हुए ट्वीट में लिखा क्या भयानक खबर है! वह बहुत दयालु आदमी थे। मुझे बताया गया है कि उग्रवाद के चरम के दौरान भी वह कभी घाटी छोड़कर नहीं गए और अपनी दुकान खुली रखी। मैं इस हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान उसकी आत्मा को शांति दे। महबूबा ने कहा कि आतंकवाद के चरम में भी घाटी न छोड़ने वाले एमएल बिंदरू की हत्या की निंदा करती हूं। समाज में इस प्रकार के हिंसा का कोई स्थान नहीं है। आशीष सूद ने कहा कि पाकिस्तान के इशारे पर घाटी की शांति को भंग करने की साजिश की जा रही है। इसमें कश्मीर के भी कुछ तथाकथित लोगों का हाथ है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।