रक्षा शोध और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने जम्मू के भगवती नगर में 500 कोविड बेड वाले अस्थायी अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट वाले बेडों के अलावा अलग से आईसीयू बेड भी मरीजों के लिए उपलब्ध होंगे।
डीआरडीओ की तरफ से भगवती नगर यात्री निवास के पीछे प्रदेश सरकार की तरफ से मुहैया करवाई गई जगह को शुक्रवार को जेसीबी से समतल करने का काम करवाया गया। अस्थायी अस्पताल के निर्माण के लिए सामान पहुंचना शुरू हो गया है। करीब 15 से 20 दिनों में यहां पर 500 बेड वाला अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। 28 अप्रैल को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने प्रदेश के मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम से जम्मू-कश्मीर में कोविड प्रबंधन पर चर्चा की थी।
मुख्य सचिव ने जम्मू-कश्मीर में बढ़ रहे केसों को देखते हुए डीआरडीओ की ओर से 500 बेड वाले दो अस्पताल जम्मू व श्रीनगर में बनवाने की बात रखी थी। 500 बेड वाले कोविड अस्पताल के निर्माण से जम्मू में जीएमसी, सीडी अस्पताल, गांधीनगर व सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पर कोविड मरीजों के बेड के मामले में लोड काफी हद तक कम हो जाएगा। मरीजों को इससे काफी सुविधा मिलेगी।
जम्मू के अस्पतालों में कोविड बेड कम पड़े
जम्मू में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी से प्रमुख कोविड अस्पतालों में बेड की कमी हो गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जीएमसी अस्पताल जम्मू में 419 कोविड बेड में से 410 पर मरीज हैं। सीडी अस्पताल 110 बेडों में 85 व गांधीनगर अस्पताल में 76 बेडों में से 72 पर मरीज हैं। कुल मिलाकर जम्मू संभाग के 29 कोविड अस्पतालों में 2142 कोविड बेडों में से 1185 पर मरीज हैं। मरीजों की संख्या जिस तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में डीआरडीओ के 500 बेड वाले अस्थायी अस्पताल पर ही प्रदेश सरकार की उम्मीद टिकी है।