अखनूर। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 11 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस थाना अखनूर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने शुक्रवार शाम को सब्जी मंडी दसकाल में नियमित गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अनिल कुमार निवासी घराटल, तहसील मैरा मान्द्रियां के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई उसी रात खुग्गा नाका अखनूर में नियमित नाका चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस ने टांडा से अखनूर की ओर आ रही कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। चालक ने भागने का प्रयास किया। उसे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान चालक सीट के पास बोतल होल्डर में सफेद पॉलीथिन में छिपाकर रखी गई करीब 5.68 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान मैरा मान्द्रियां के ही धड़ा गांव के निवासी इंदरजीत सिंह और मैरा जागीर के कुनाल सिंह के रूप में हुई है।को गिरफ्तार किया गया।