फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JK Election Result: जितेंद्र-जुगल की हैट्रिक, उमर-महबूबा हारे, नेकां को दो सीटें, बारामुला में राशिद की जीत

Wed, 05 Jun 2024 10:27 AM IST
kumar गुलशन कुमार अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

जम्मू कश्मीर में सांसद के तौर पर तीन नए चेहरे सामने आए हैं। इनमें अनंतनाग-राजोरी से नेकां के मियां अल्ताफ व श्रीनगर से सैयद आगा रुहुल्लाह और इंजीनियर रशीद हैं।
विज्ञापन
श्रीनगर में जश्न मनाते हुए भाजपा - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों में भाजपा और नेकां को दो-दो सीटें मिली हैं। उधमपुर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू से जुगल किशोर शर्मा की हैट्रिक लगी है। दोनों भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में थे। बारामुला की सीट निर्दलीय प्रत्याशी इंजीनियर रशीद के खाते में गई है। 

विज्ञापन


तीन नए चेहरे सामने आए हैं। इनमें अनंतनाग-राजोरी से नेकां के मियां अल्ताफ व श्रीनगर से सैयद आगा रुहुल्लाह और इंजीनियर रशीद हैं। चुनाव में दो पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती और राज्य के पांच पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह, रमण भल्ला, जीएम सरूरी, मो. अशरफ मीर, सज्जाद गनी लोन, पूर्व एमएलसी जफर इकबाल मन्हास, पूर्व राज्यसभा सांसद मीर फैयाज को हार का सामना करना पड़ा है।

उधमपुर सीट पर सीधी लड़ाई में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 124373 मतों के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह को हराया। जितेंद्र को 571076 और लाल सिंह को 446703 मत मिले। यहां 12 प्रत्याशी मैदान में थे। तीसरे स्थान पर निर्दल प्रत्याशी जीएम सरूरी 39599 मत पाकर रहे। जम्मू-रियासी सीट पर भाजपा के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने 687588 मत पाकर चुनाव जीता। उन्होंने सीधी लड़ाई में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला को 135498 मतों के अंतर से हराया। भल्ला को 552090 मत मिले।

विज्ञापन

जम्मू कश्मीर लोकसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला
सबसे दिलचस्प चुनाव बारामुला संसदीय सीट पर रहा। बॉर्डर जिलों से लगने वाले इस संसदीय सीट पर जेल से चुनाव लड़कर निर्दलीय प्रत्याशी इंजीनियर रशीद ने भारी मतों के अंतर से चुनाव जीत लिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को 204142 व पीपुल्स कांफ्रेंस प्रत्याशी सज्जाद गनी लोन को 299242.मतों से हराया। रशीद को 472481, उमर को 268339 , सज्जाद गनी लोन को 173239 व पीडीपी प्रत्याशी मीर फैयाज को 27488 मत मिले। 

जम्मू व कश्मीर संभाग में सत्ता संतुलन के लिए बनी नई सीट अनंतनाग-राजोरी में नेकां प्रत्याशी मियां अल्ताफ शुरू से ही बढ़त बनाए रहे। उन्होंने 521836 मत पाकर करीबी प्रत्याशी महबूबा मुफ्ती को 281794 मतों से हराया। महबूबा को 240042 वोट मिले। महबूबा 2019 का चुनाव भी नेकां प्रत्याशी से हार गई थीं। भाजपा समर्थित अपनी पार्टी प्रत्याशी जफर इकबाल मन्हास 142195 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। 
श्रीनगर सीट पर अब्दुल्ला परिवार का कोई सदस्य नहीं था। यहां से नेकां के सैयद आगा रुहुल्लाह 356866 मत पाकर जीते। उन्होंने पीडीपी प्रत्याशी वहीद पर्रा को 188416 मतों के अंतर से हराया। पर्रा को 168450 मत मिले। अपनी पार्टी के प्रत्याशी मो. अशरफ मीर 65954 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे।

पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद सभी पांच लोकसभा सीटों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। वोटों की गिनती के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहे। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा में मतों की गिनती हुई। विजयी प्रत्याशियों ने पार्टी तथा मतदाताओं के प्रति आभार जताया है।

जुगल किशोर शर्मा, डॉ. जितेंद्र सिंह - फोटो : संवाद
सबसे अधिक अंतर से मियां अल्ताफ को मिली जीत

जम्मू-कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों में सबसे अधिक अंतर से अनंतनाग-राजोरी सीट पर नेकां उम्मीदवार मियां अल्ताफ ने 281794 से जीत दर्ज की। उधमपुर सीट पर जीत का अंतर सबसे कम रहा।

लद्दाख में निर्दलीय हनीफा ने 29 हजार मतों से दर्ज की जीत

संवाद न्यूज एजेंसीलेह। लद्दाख संसदीय सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा जान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के त्सेरिंग नामग्याल को 29 हजार मतों से हराकर जीत हासिल की है। जान को कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस का समर्थन प्राप्त है।

मोहम्मद हनीफा जान को कुल 64443 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार त्सेरिंग नामग्याल 35770 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं हिल काउंसिल लेह के अध्यक्ष एवं भाजपा उम्मीदवार ताशी ग्यालसन 31505 वोट पाकर तीसरे नंबर पर आए। इसके अतिरिक्त 
नोटा को वोट देने वालों की संख्या 896 रही।

पोस्टल बैलेट में कांग्रेस को 451, भाजपा को 1627 और निर्दलीय हनीफा जान को 816 वोट मिले। जबकि 16 अन्य नोटा के खाते में गए। मतों की गिनती के लिए दो मतगणना केंद्र कारगिल और लेह में बनाए गए थे। कारगिल में मतगणना 26, जबकि लेह में 22 राउंड में पूरी की गई। पोस्टल बैलेट की गणना लेह में की गई।
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर व लद्दाख का परिणाम
  • पार्टी 2019 2024
  • नेकां 03 02
  • भाजपा 03 02
  • पीडीपी 00 00
  • कांग्रेस 00 00
  • निर्दल 00 02
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें