बारामुला के नागबल चंदूसा इलाके से लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से ग्रेनेड बरामद किया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि गांव नागबल चंदूसा में आतंकियों की आवाजाही के बारे में सूचना मिली थी।
इसके बाद बारामुला पुलिस और सेना की 52 आरआर ने संयुक्त चेकिंग शुरू की। इस बीच एक संदिग्ध युवक ने नाका पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की जिसे सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक ग्रेनेड बरामद किया गया।
आतंकी की पहचान मोहम्मद अशरफ मीर निवासी लारीडूरा चंदूसा के रूप में हुई। वह लश्कर संगठन के आतंकवादी सहयोगी के रूप में काम कर रहा है। उधर, बारामुला पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जन सुरक्षा अधिनियम(पीएसए) के तहत राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई करते हुए चार लोगों जावेद हुसैन याटू निवासी गोशबुघ, पट्टन, बारामुला, जन निसार खालिक गनई निवासी चंदरहामा, पट्टन, बारामुला, आबिद परवेज निवासी अंदरगाम, पट्टन, बारामुला और निसार अहमद वानी निवासी सुल्तानपोरा, पट्टन, बारामुला को हिरासत लिया। इसके बाद इन्हें सेंट्रल जेल कोट भलवाल जम्मू भेज दिया गया। इनके खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं।